समुद्र में चीन की हर हरकत पर नजर रखेगी ‘रुकमणि’
नई दिल्ली,5 जुलाई। चीन जिस तरह से हिंद महासागर में अपनी मौजूदगी बढा रहा है, उसको ध्यान में रखते हुए भारतीय नौसेना ‘ड्रैगन’ पर आसमान से नजर रख रही है। भारतीय नौसेना रुकमणि जीसैट-7 से चीन की हर हरकत पर नजर रख रही है। रुकमणि को सिंतबर 2013 को लॉन्च किया गया था। 2,625 किलो की सैटलाइट रुकमणि समुद्र में लंबी दूरी तक जासूसी करने की क्षमता रखती है।
हाल ही में रुकमणि (जीसैट-7) और समुद्र में लंबी दूरी तक जासूसी करने वाले पोसेडन-8 वन विमान ने भारतीय क्षेत्र में कम से कम 13 चीनी नौसैनिक पोतों को देखा है। इनमें आधुनिक मिसाइल युक्त लुयांग-3 और युआन क्लास की एक पनडुब्बी भी है। इस क्षेत्र में यह 7वीं पनडुब्बी है। दिसंबर 2013 से अब तक चीन कभी परमाणु तो कभी डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बी को बारी-बारी से यहां तैनात करता रहा है।
चीनी युद्धपोतों को 2013-14 में भारतीय समुद्री क्षेत्र में देखा गया था। इधर, चीनी नौसेना की इन आक्रामक गतिविधियों के जवाब में भारतीय नौसेना ने भी अपनी सतर्कता और तैनाती को बढ़ा दिया है।