कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को MP की सीमा पर रोकने की तैयारी

मध्यप्रदेश के मंदसौर में 6 किसानों की मौत के बाद राजनीति गर्माई हुई है। गुरुवार को सुबह कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी मंदसौर के लिए रवाना हो गए हैं। हालांकि प्रशासन ने उन्हें कर्फ्यू के चलते मंदसौर तक आने की परमिशन नहीं दी है। वे राजस्थान के उदयपुर के रास्ते मध्यप्रदेश की सीमा में घुसने का प्रयास करेंगे। उन्हें कर्फ्यू के चलते रोका जा सकता है।
MP बार्डर पर भारी पुलिस बंदोबस्त
राहुल गांधी का काफिला मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित नया गांव में ही रोकने की तैयारी है। क्योंकि स्थानीय प्रशासन का कहना है कि उन्हें अब तक राहुल गांधी के मंदसौर पहुंचने की परमिशन मिलने की सूचना नहीं मिली है। इसलिए उन्हें मध्यप्रदेश की सीमा के बाहर ही रोका जा सकता है। क्योंकि मंदसौर जिले में कर्फ्यू और हालात तनाव पूर्ण हैं। उन्हें वहां जाने से तनाव और बढ़ सकता है। इसलिए सरकार ने ऐहतियातन उन्हें वहां जाने से रोकना तय किया है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली से राजस्थान के उदयपुर पहुंच गए हैं। वहां से वे सड़क मार्ग द्वारा मंदसौर के लिए रवाना हो गए हैं। संभवतः वे आधे घंटे में मध्यप्रदेश की सीमा में प्रवेश कर जाएंगे। वे गोलीकांड में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने के लिए आना चाहते हैं। तनाव को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें मंदसौर तक जाने की परमिशन नहीं दी है। मंदसौर के आसपास कई इलाकों में प्रशासन ने दो दिनों से कर्फ्यू लगा रखा है। वहीं कई कस्बों मे धारा 144 लगा रखी है।
रामदेव बोले- आग में घी का काम करने जा रहे हैं राहुल
इधर खबर है कि बाबा रामदेव ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी आग में घी डालने का काम कर रहे हैं।
कांग्रेस के कई बड़े नेता भी पहुंचेंगे मंदसौर
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के कई बड़े नेता भी मंदसौर जाने के लिए निकले हैं। उनके साथ कमल नाथ और शरद यादव भी मौजूद हैं।
राहुल के दौरे को लेकर गुप्त योजना
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस ने गुप्त योजना बनाई है। उसके तहत वे किसी भी गोपनीय रास्ते से मध्यप्रदेश में दाखिल हो सकते हैं। इस दौरान मोटरसाइकिल से भी वे किसानों तक पहुंचने का प्रयास कर सकते हैं। राहुल के मंदसौर पहुंचने को लेकर बुधवार दोपहर से दिल्ली में काफी सक्रियता देखी गई है। कई कांग्रेस नेताओं की कई बैठकें हुईं।
इन गांवों में जाना चाहते हैं राहुल गांधी
मंदसौर के पिपलिया मंडी में सुबह मार्च किया। इसके अलावा भानपुरा और सीतामऊ में भी एक्सट्रा फोर्स भेज दिया गया है। बरखेड़ा पंत, चिलोद और पपलिया में राहुल गांधी जा सकते हैं। नारायणगढ़ और मल्हारगढ़ में कर्फ्यू जारी है।
रेलवे लाइन बहाल नहीं हुई
बुधवार को पांच स्थानों पर किसानों ने रेलवे लाइन उखाड़ दी थी। वह अब तक बहाल नहीं हो पाई है। रेलवे प्रशासन उसे सुधारने में लगा हुआ है।