रैम्प योजना में प्रदेश के 22 एमएसएमई उद्यमी एवं स्टार्टअप प्रतिनिधियो ने बेंगलुरु में सीखे औद्योगिक नवाचार
इलेक्ट्रॉनिका इंडिया/ प्रोडक्टरोनिका इंडिया 2026 में की सहभागिता
भोपाल। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्य प्रदेश शासन द्वारा रैम्प योजना के अंतर्गत प्रदेश के एमएसएमई उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स को नवीन तकनीकों, आधुनिक विनिर्माण प्रक्रियाओं, औद्योगिक नवाचारों एवं उभरते व्यावसायिक अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से 15 से 17 सितम्बर 2026 तक बेंगलुरु स्थित बैंगलोर इंटरनेशनल एग्जीबिशन सेंटर (बीआईईसी) में इलेक्ट्रॉनिका इंडिया/ प्रोडक्टरोनिका इंडिया 2026 में एक्सपोजर विजिट आयोजित की गई। इस विजिट में मध्य प्रदेश के कुल 22 एमएसएमई उद्यमी एवं स्टार्टअप प्रतिनिधियो ने सहभागिता की। एक्सपोजर विजिट का आयोजन पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के माध्यम से किया गया।
एक्सपोजर विजिट में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, नीमच एवं रतलाम जिलों के एमएसएमई उद्यमी एवं स्टार्टअप प्रतिनिधि सम्मिलित हैं। विजिट के दौरान प्रतिभागियों को इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स, ऑटोमेशन, आधुनिक मशीनरी, परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रबंधन सहित नवीन तकनीकों एवं औद्योगिक समाधानों को समझने का अवसर मिला। उद्योग विशेषज्ञों, तकनीकी सेवा प्रदाताओं एवं प्रौद्योगिकी कंपनियों के साथ संवाद के माध्यम से प्रतिभागियों को तकनीकी उन्नयन, उत्पाद एवं प्रक्रिया नवाचार, उत्पादन एवं गुणवत्ता सुधार तथा नए व्यावसायिक अवसरों की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त हुई।
रैम्प योजना के अंतर्गत आयोजित इस एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य प्रदेश के एमएसएमईज़ एवं स्टार्टअप्स को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित हो रही नवीन तकनीकों एवं नवाचार आधारित समाधानों से जोड़ते हुए उनकी उत्पादकता, गुणवत्ता, नवाचार क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मकता को सुदृढ़ करना है। इससे प्रतिभागियों को नई तकनीकों को अपनाने, संभावित व्यावसायिक साझेदारियां विकसित करने तथा बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप अपने उत्पादों एवं प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने के अवसर प्राप्त हुए।
प्रतिभागी दल ने 15 सितम्बर 2026 को इंदौर से बेंगलुरु के लिए प्रस्थान किया तथा निर्धारित कार्यक्रमों में सहभागिता के उपरांत 17 सितम्बर 2026 को वापस लौटा।

