सवा पांच साल बाद मप्र में बसों का सफ़र होगा महंगा : 2/Km होगा बस किराया
विकास तिवारी, भोपाल। करीब सवा पांच साल बाद राज्य सरकार प्रदेश में चलने वाली सार्वजनिक परिवहन बसों का किराया दो रुपए प्रति किलोमीटर करने जा रही है। प्रदेश के बस संचालकों के साथ हुई किराया निर्धारण समिति की बैठक में सात अगस्त से बसों के संचालन बंद करने की चेतावनी के बाद कैबिनेट सब कमेटी की बैठक में सार्वजनिक बसों का किराया बढ़ाने की सैद्धांतिक सहमति दे दी गई है। किराया वृद्धि के लिए गजट नोटिफिकेशन पांच अगस्त को जारी हो जाएगा।
मध्यप्रदेश में अप्रैल 2021 को सार्वजनिक बसों का किराया बढ़ाकर 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर तय किया गया था। उसके बाद से ही बसों का किराया नहीं बढ़ा है।
आज जारी हो सकता है नोटिफिकेशन
मध्यप्रदेश में अभी किराया न्यूनतम सात रुपए और उसके बाद 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर तय है। अब इसे बढ़ाकर न्यूनतम दस रुपए और उसके बाद 2 रुपए प्रति किलोमीटर किया जा रहा है। यानि यात्री को एक से पांच किलोमीटर तक न्यूनतम दस रुपए किराया देना होगा। इसके बाद हर अगले किलोमीटर के लिए उससे दो रुपए प्रति किलोमीटर तक किराया वसूल किया जाएगा। इस तरह 100 किमी का सफर करने वाले यात्री को अब 200 रुपए यानी पहले की अपेक्षा 75 रुपए अतिरिक्त देना होंगे।
एसोसिएशन का दावा
प्राइम रुट बस ऑनर्स एसोएिशन मध्यप्रदेश के अध्यक्ष गोविंद शर्मा का कहना है कि पिछली बार जब बसों का किराया बढ़ाकर 1.25 रुपए प्रति किलोमीटर बढ़ाया गया था उस समय डीजल 79 रुपए प्रति लीटर था अब 98 रुपए प्रति लीटर डीजल के दाम है।
चेतावनीः मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री जय कुमार जैन का कहना है कि सात अगस्त की रात बारह बजे से पहले किराया वृद्धि नहीं हुई तो प्रदेश के सभी बस ऑपरेटर हड़ताल पर जाएंगे और बसों का संचालन बंद कर देंगे।

